दमोह के हनुमान मंदिर में चोरी, दान पेटी उखाड़कर ले गया नकाबपोश; CCTV में कैद हुई वारदात
दमोह जिले के हटा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में बुधवार रात चोरी हो गई। नकाबपोश चोर चैनल गेट का ताला तोड़कर दान पेटी ले गया। घटना CCTV में कैद हुई है। बाद में पास के खेत में खाली पेटी और कुछ सिक्के मिले। दान पेटी में 40 से 50 हजार रुपए होने का अनुमान है।

दमोह मंदिर से दान पेटी चोरी
Damoh Temple Theft: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक चोर ने दान पेटी पर हाथ साफ कर दिया। हटा थाना क्षेत्र के नवोदय वार्ड ककराई में तालाब किनारे स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को निशाना बनाया गया। बुधवार रात आरोपी मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुआ और दान पेटी लेकर फरार हो गया। गुरुवार सुबह पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ। घटना से इलाके के लोगों में नाराजगी है।
ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुआ चोर
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के चैनल गेट पर लगा ताला तोड़ा और अंदर पहुंच गया। इसके बाद वह वहां रखी दान पेटी उठाकर ले गया। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचे रामकुमार साहू ने जब टूटा हुआ ताला और गायब दान पेटी देखी, तो पुलिस को सूचना दी। रामकुमार साहू ने बताया कि वे रोजाना सुबह मंदिर का ताला खोलने आते हैं। दान पेटी साल में केवल एक बार खोली जाती थी, इसलिए उसमें जमा रकम का सही हिसाब उपलब्ध नहीं है।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
बता दें, मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर जाता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद वह दान पेटी लेकर वहां से निकलता नजर आता है।
खेत में मिली खाली दान पेटी
वहीं, मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में खाली दान पेटी और कुछ सिक्के मिले हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दान पेटी में करीब 40 से 50 हजार रुपए हो सकते हैं। हालांकि, पेटी लंबे समय से नहीं खोली गई थी, इसलिए चोरी हुई रकम की वास्तविक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की संदिग्ध की तलाश
सूचना मिलने के बाद हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।




