चांदनी चौक में भरभराकर गिरी तीन मंजिला इमारत, 2 की मौत; 15 लोगों के फंसे होने की आशंका
दिल्ली के चांदनी चौक में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। NDRF, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। इस साल दिल्ली में यह छठा बड़ा हादसा बताया जा रहा है।


चांदनी चौक में निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हुई।
Delhi Building Collapse: Chandni Chowk: दिल्ली के चांदनी चौक में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से अफरा-तफरी मच गई। तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक ढह गई और आसपास के इलाके में मलबा फैल गया। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। NDRF, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें मौके पर राहत-बचाव अभियान चला रही हैं।
मौके पर पहुंचीं 6 दमकल गाड़ियां
सूत्रों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:50 बजे गली सत्तारा में हुई। यह इलाका चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। इमारत गिरने की खबर मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने छह गाड़ियां घटनास्थल पर भेजीं।
कुछ ही देर में NDRF, पुलिस और नगर निगम की टीमें भी पहुंच गईं। बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों को तलाशने में जुटे हैं। अब तक दो शव बाहर निकाले जा चुके हैं। टीमों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।
कई महीने से चल रहा था बिल्डिंग का निर्माण
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इस इमारत में पिछले तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। बिल्डिंग में तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे। घटना के समय वहां करीब तीन से चार लोग मौजूद थे।
AAP ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा
वहीं, हादसे के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार और MCD की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सुरक्षा ऑडिट के निर्देशों के बावजूद राजधानी में इमारतों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
साथ ही, भारद्वाज ने सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि कुछ इमारतों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती है, जबकि अन्य जगहों पर नियमों के उल्लंघन के बावजूद कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने दमकल विभाग और SDM कार्यालयों में भी कथित वसूली का मुद्दा उठाया।
चांदनी चौक में हुई ताजा घटना ने एक बार फिर दिल्ली की इमारतों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत-बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।







