असम में ट्रेन हादसे से मची अफरा-तफरी, इंजन सहित 5 कोच पटरी से उतरे; सामने आया लोको पायलट का VIDEO
असम के कामरूप जिले में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस डिगारू स्टेशन पर हादसे का शिकार हो गई। इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए। इस बीच सामने आए वीडियो में लोको पायलट सिग्नल, इमरजेंसी सिस्टम और ब्रेक में खराबी की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।


ट्रेन का इंजन भी पटरी से उतर गया।
Assam Railway Accident: असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के साथ बड़ा हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। दुर्घटना के बाद यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोको पायलट ट्रेन के ब्रेक और दूसरे तकनीकी सिस्टम में खराबी की बात करते सुनाई दे रहे हैं।
लाइन बदलने के दौरान बैरिकेड्स से टकराई ट्रेन
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर ले जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई और वह ट्रैक पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के साथ पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए एक्सप्रेस का ट्रैक बदला जा रहा था। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और तकनीकी खराबी की इसमें क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
45 सेकेंड के VIDEO में लोको पायलट ने बताई परेशानी
बता दें, हादसे के समय का करीब 45 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का नजारा दिखाई देता है। कंट्रोल पैनल और डिजिटल डिस्प्ले के बीच लोको पायलट की आवाज सुनाई देती है। वीडियो में वे सिग्नल फेल होने और इमरजेंसी सिस्टम के काम नहीं करने की बात कहते हैं। साथ ही S9 और A9 सिस्टम में भी दिक्कत होने का जिक्र करते हैं। उनकी बातों से केबिन में मौजूद तकनीकी उपकरणों को लेकर परेशानी का संकेत मिलता है।
यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
वहीं, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम, अधिकारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे या मौजूद यात्रियों को बाहर निकालने का काम किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों और ट्रेन के तकनीकी सिस्टम से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।







