'रामायण' की ऑस्कर में एंट्री की तैयारी! 'गोंधल' के बाद दूसरी भारतीय फिल्म भी आजमाएगी किस्मत, जानिए कैसे मिलता है मौका
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' को ऑस्कर कंसिडरेशन के लिए भेजे जाने की खबर सामने आई है। भारत की आधिकारिक एंट्री 'गोंधल' है, लेकिन दूसरी फिल्में भी नियमों के तहत स्वतंत्र दावेदारी कर सकती हैं। 'रामायण' का छह दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपये है।

'रामायण' को ऑस्कर कंसिडरेशन में भेजा गया है।
Ramayana Oscar Buzz: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' अब सिर्फ भारतीय सिनेमाघरों तक सीमित चर्चा का विषय नहीं रही। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे कलाकारों की मौजूदगी वाली इस फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हलचल है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स में विचार के लिए भेजा है।
'गोंधल' के साथ दूसरी भारतीय फिल्म की भी दावेदारी?
'रामायण' को ऑस्कर कंसिडरेशन के लिए भेजे जाने की खबर के बाद फिल्म प्रेमियों के बीच एक नया सवाल चर्चा में है। क्या एक ही साल में भारत की दो फिल्में ऑस्कर की अलग-अलग प्रक्रियाओं में शामिल हो सकती हैं?
दरअसल, मराठी फिल्म 'गोंधल' को भारत की ओर से इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए आधिकारिक तौर पर चुना गया है। यह चयन भारत की तरफ से उस श्रेणी में प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्म तय करता है। लेकिन इससे दूसरी भारतीय फिल्मों के लिए एकेडमी के नियमों के तहत स्वतंत्र रूप से आवेदन करने का रास्ता बंद नहीं होता।
ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री और सबमिशन में फर्क
बता दें, ऑस्कर की प्रक्रिया में देश की ओर से चुनी गई आधिकारिक फिल्म और निर्माताओं की ओर से सीधे विचारार्थ भेजी गई फिल्म के बीच अंतर होता है।
भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर 'गोंधल' इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करेगी। दूसरी ओर, 'रामायण' के निर्माता भी एकेडमी की पात्रता शर्तें पूरी करने पर अपनी फिल्म को संबंधित श्रेणी में विचार के लिए भेज सकते हैं।
हालांकि, सबमिशन हो जाना नॉमिनेशन की गारंटी नहीं है। एकेडमी पहले फिल्म की पात्रता और जरूरी शर्तों की जांच करती है। इसके बाद संबंधित श्रेणी की चयन प्रक्रिया और मतदान के आधार पर आगे का फैसला होता है।
बॉक्स ऑफिस पर भी 'रामायण' का दबदबा
वहीं, फिल्म के कलेक्शन के आंकड़े भी ध्यान खींच रहे हैं। Sacnilk के मुताबिक, रिलीज के छह दिनों में 'रामायण' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 440.45 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 526.50 करोड़ रुपये बताया गया है।
विदेशी बाजार से लगभग 297 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है। मंगलवार को फिल्म ने दुनियाभर में 147.60 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया, जबकि भारत में इसकी नेट कमाई 94.10 करोड़ रुपये बताई गई।






