'कृष्ण-टेढ़े’ बयान पर धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ी मुश्किलें, पन्ना में यादव समाज का प्रदर्शन, पुतला जलाकर की FIR की मांग
पन्ना में भगवान श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के विरोध में यादव समाज ने प्रदर्शन किया। लोगों ने पुतला जलाकर FIR और गिरफ्तारी की मांग की। जिलाध्यक्ष ने 15 से 20 दिन का अल्टीमेटम देते हुए देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।

पन्ना में धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर यादव समाज का प्रदर्शन
Protest in Panna: मध्य प्रदेश के पन्ना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। टिप्पणी के विरोध में यादव समाज और श्रद्धालुओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री का पुतला जलाया और उनके खिलाफ FIR दर्ज कर जेल भेजने की मांग उठाई। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझपटी भी हुई।
कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
बता दें, प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों लोगों ने कलेक्टर हर्ष सिंह के नाम तहसीलदार अखिलेश प्रजापति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। यादव महासभा पन्ना के जिलाध्यक्ष और ओबीसी महासभा के संयोजक नत्थू सिंह यादव ने कहा कि शास्त्री अपने बयानों से लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान देकर सीधे-साधे लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

15 से 20 दिन का अल्टीमेटम
साथ ही, नत्थू सिंह यादव ने प्रशासन को 15 से 20 दिन के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो यादव समाज बागेश्वर धाम चौराहे पर धरना देगा। इसके बाद आंदोलन को देशभर में आगे बढ़ाया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े हैं। ऐसे में उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। समाज ने प्रशासन से समय रहते कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
बाबूलाल यादव बोले- धार्मिक भावनाओं का सम्मान जरूरी
वहीं, प्रदर्शन में पूर्व बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बाबूलाल यादव भी शामिल हुए। उन्होंने विवादित बयान को समाज के लिए नुकसानदायक बताया। नत्थू सिंह यादव ने कहा कि धार्मिक विषयों पर बोलते समय सभी को अपनी भाषा और शब्दों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने श्रीराम और श्रीकृष्ण को एक ही ईश्वर का स्वरूप बताते हुए सभी धर्मों और आस्थाओं के सम्मान की बात कही।
पुतला जलाने के दौरान पुलिस से हुई झूमाझपटी
प्रदर्शन के दौरान यादव समाज के लोगों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच झूमाझपटी हुई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




